बांदा। प्रदेश हाईकमान के आह्वान पर भाजपा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना दिया। नेताओं ने कानून व्यवस्था के मामले में प्रदेश सरकार को फेल बताया। प्रशासन के जरिए राज्यपाल को ज्ञापन देकर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और बांदा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की।
कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर पूरे समय भाषणों में भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार की बखिया उधेड़ी। कहा कि कानून व्यवस्था फ्लाप है। अराजकता का बोलबाला है। इन्हीं हालात ने भाजपा को आंदोलन के लिए मजबूर किया है। किसानों को सरकार से कोई राहत नहीं मिल रही। वसूली में उनका उत्पीड़न हो रहा है। पांच सूत्री ज्ञापन में राज्यपाल से मांग की गई कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम की जाए। बांदा को सूखाग्रस्त, शहरों में 24 और गांवों में 20 घंटे बिजली, नहरों में टेल तक पानी और प्रभावित क्षेत्रों मेें पेयजल की आपूर्ति की मांगें की गईं।
धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ल ने किया। चेयरमैन विनोद जैन, रागिनी शिवहरे, धर्मेंद्र त्रिपाठी, माताबदल प्रजापति, आनंद स्वरूप द्विवेदी, पुष्कर द्विवेदी, जितेंद्र सिंह, सचदेव अवस्थी, शिवशंकर सिंह पटेल, हरवंश सिंह गौतम, रामलखन राजपूत, राहुल सिंह, सुमन तिवारी, राकेश गुप्ता दद्दू, इंद्रपाल पटेल, पतिराखन सिंह, पुरुषोत्तम पांडेय, बृजेश तिवारी, रामचंद्र गंगाज आदि मौजूद रहे।