बबेरू। जिलाधिकारी ने बबेरू तहसील के निरीक्षण में नजारत अभिलेख सही न पाए जाने पर नाजिर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। तहसील दिवस में शिकायत का निस्तारण फर्जी पाए जाने पर कानूनगो व लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए।
डीएम सुरेश कुमार ने मंगलवार को तहसील में कर्मचारियों के जीपीएफ व सेवा पुस्तिकाओं का निरीक्षण किया। दो कर्मियों की जीपीएफ पुस्तिका अधूरी थी। नाजिर वीरेंद्र कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए एसडीएम व तहसीलदार को एक सप्ताह के अंदर सभी अभिलेख दुरुस्त करने के आदेश दिए। ईआरके सुखलाल दैवीय आपदा संबंधी शासनादेश प्रस्तुत नहीं कर पाए। डीएम ने चेतावनी दी। लेखपाल कमलेश बाबू की सेवा पुस्तिका में जन्मतिथि पर ओवर राइटिंग पाई गई। इसे हाईस्कूल की मार्कशीट से सत्यापित करने को कहा। तहसील दिवस शिकायती पत्र रजिस्टर में सुमित्रा पत्नी साधू द्वारा 5 नवंबर को चक रोड से अवैध कब्जा हटाने की मांग पर समस्या हल होना दर्ज था। डीएम ने संबंधित मोबाइल नंबर पर शिकायतकर्ता से जानकारी ली तो बताया कि अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। डीएम ने तहसीलदार को पुलिस बल के साथ तीन दिन के अंदर कब्जा हटाने और कानूनगो व लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए। एक अन्य शिकायत पर भी फोन पर पुष्टि की गई तो समाधान न होना बताया गया। खफा डीएम ने नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर कार्रवाई को कहा। एसडीएम विनय कुमार पाठक, तहसीलदार लालाराम, ओएसडी मुहीब अहमद उपस्थित रहे।
----