बांदा। बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन और डीए में वृद्धि नहीं की गई तो शिक्षक अगले सत्र से मूल्यांकन नहीं करेंगे। यह बात शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने कही। वह बुधवार को यहां मूल्यांकन केंद्रों में भ्रमण कर शिक्षकों से संपर्क कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में आश्वासन दिया है।
आदर्श बजरंग इंटर कालेज में शिक्षक विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दल के नेता ओमप्रकाश शर्मा ने हाल ही में माध्यमिक शिक्षा निदेशक वासुदेव यादव ने मिलकर कहा था कि मूल्यांकन पारिश्रमिक और डीए में वृद्धि की जाए नहीं तो शिक्षक यह कार्य नहीं करेंगे। विधायक के मुताबिक निदेशक ने पारिश्रमिक में वृद्धि का आश्वासन दिया है। विधायक ने यह भी बताया कि निदेशक ने वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अंशकालिक अध्यापकों के बारे में पूरा विवरण जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा है ताकि अंशकालिक शिक्षकों को मानदेय दिलाया जा सके। शिक्षक विधायक ने शिक्षकों के वेतन का बजट पत्र डीआईओएस को उपलब्ध कराए हैं।
प्रधानाचार्यों से कहा कि शीघ्र ही डीआईओएस कार्यालय में वेतन बिल पेश करें। अन्य अवशेषों का बजट जून में उपलब्ध हो जाएगा।
भ्रमण के दौरान विधायक के साथ माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष पतिराखन सिंह, मंत्री राजेश तिवारी, मंडलीय मंत्री मेजर मिथलेश कुमार पांडेय सहित राजकिशोर चौबे, रमेश कुमार कश्यप, रामप्रताप सिंह परिहार, जगजीत सिंह, वेंकटरमन सिंह, लालाराम, राजा कैलाश, शिवशंकर निगम, अंजनी श्रीवास्तव आदि शिक्षक उपस्थित रहे।