बांदा। फाउंडेशन फॉर एकाडमिक एक्सीलेंस एंड एसेस (एफएईए) नामक संस्था ने उच्च शिक्षा के लिए वजीफा पाने के लिए गरीब होनहार इंटर पास विद्यार्थियों से आवेदन करने को कहा है। डाक से 15 जून और आनलाइन आवेदन 23 जून तक भेजा जा सकता है। संस्था ने इस बात पर दुख व्यक्त किया है कि उत्तर प्रदेश से पिछले दस सालों से किसी गरीब मेधावी ने आवेदन नहीं किया है। संस्था ने मेधावियों को आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने में सरकार से मदद मांगी है।
एफएईए हर साल 1200 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देती है। संस्था सचिव प्रो.वीआर मेहता ने इस बारे में अब सीधे मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। कहा है कि उन्हें खुशी होगी कि अगर उत्तर प्रदेश से भी गरीब और मेधावी छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करें। डाक से भेजने की इसकी अंतिम तिथि 15 जून और आनलाइन आवेदन की 23 जून है। इस पत्र पर मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार ने सचिव माध्यमिक को निर्धारित तिथि के अंदर मेधावियोें के आवेदन भिजवाने को कहा है। सचिव ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक के जरिए यह पत्र यहां जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा है। जिला विद्यालय निरीक्षक मोहम्मद इब्राहीम ने पात्र मेधावियों से आवेदन करने को कहा है।
एफएईए तीन से पांच वर्षाें के लिए छात्र-छात्राओं की पसंद के मुताबिक देश के किसी भी विद्यालय, संस्थान या विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए पूरी राशि छात्रवृत्ति के रूप में देती है। संस्था का मानना है कि ऐसे विद्यार्थी उत्कृष्टता का केंद्र हैं। इस वर्ष संस्था ने 250 छात्रवृत्तियां चिह्नित की हैं। यह बीएचईएल, कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई), टाटा ग्रुप कंपनी व अन्य द्वारा सहायतित हैं। ब्यूरो