बांदा। जनपद की दो नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के एक लाख 32 हजार 41 मतदाता रविवार को अध्यक्ष पद के 139 और सदस्य पद के 735 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला करेंगे। मतदान के लिए कुल 318 मतदान स्थल बनाए गए हैं। मतदान के लिए 1411 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्थितियों के आधार पर 72 अति संवेदनशील और 138 संवेदनशील बूथ घोषित किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए तमाम कवायद की है। जोरदार अभियान में लोगों से मतदान की अपील की गई है।
मतदान की तैयारियां पूरी हैं। मतदान सुबह 6:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा। बांदा नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के 22 और 28 वार्डाें में सदस्य के 260 प्रत्याशी हैं। अतर्रा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के 21 और सदस्य के 136 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पंचायतों में बबेरू में अध्यक्ष पद पर तीन और 12 वार्डाें में सदस्य पद के 45, बिसंडा में अध्यक्ष पद के 26 और 11 वार्डाें में सदस्य पद के 42, मटौंध में अध्यक्ष पद के 16 और 10 वार्डों में सदस्य पद के 59, तिंदवारी में अध्यक्ष पद के 18 और 10 वार्डाें में सदस्य पद के 70, नरैनी में अध्यक्ष पद के 16 और 12 वार्डाें में सदस्य पद के 84 तथा ओरन में अध्यक्ष पद के नौ और 10 वार्डाें में सदस्य पद के 39 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
इन उम्मीदवारों की उम्मीदों पर मोहर लगाने वाले मतदाताओं की संख्या बांदा में 1,32,041, अतर्रा में 42,939, मटौंध में 7839, तिंदवारी में 9693, बबेरू में 13,007, नरैनी में 9864, ओरन में 6389 और बिसंडा में 9861 है। बांदा में 83 संवेदनशील और 12 अति संवेदनशील, अतर्रा में 24 संवेदनशील और 24 अति संवेदनशील, मटौंध में दो अति संवेदनशील, तिंदवारी में आठ संवेदनशील, चार अति संवेदनशील, बबेरू में आठ संवेदनशील, आठ अति संवेदनशील, नरैनी में चार संवेदनशील नौ अति संवेदनशील, ओरन में छह संवेदनशील चार अति संवेदनशील और बिसंडा में पांच संवेदनशील और सात अति संवेदनशील बूथ हैं। सभी आठ निकायों में कुल 668 मत पेटियां इस्तेमाल की जाएंगी। इनमें बांदा में 389, अतर्रा में 120, मटौंध में 21, तिंदवारी में 25, बबेरू में 38, नरैनी में 27, ओरन में 21 और बिसंडा में 27 मत पेटियां इस्तेमाल होंगी। कुल 1411 मतदान कर्मी लगाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 822 बांदा में, 255 अतर्रा में, 44 मटौंध में, 53 तिंदवारी में, 79 बबेरू में, 57 नरैनी में, 44 ओरन में और 57 बिसंडा में लगाए गए हैं।