कमासिन/बबेरू। देवी मंदिर परिसर में महिला की लाश फांसी पर टंगी मिली। पुलिस ने घटना को आत्महत्या बताया है। इसी प्रकार एक अन्य घटना में युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों लाशों का पोस्टमार्टम कराया है।
लखनपुर गांव की विधवा शांति (55) पत्नी कुंजल माली यमुना तट पर स्थित सिंहवाहिनी देवी मंदिर में रहती थी। मंगलवार को सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना को पहुंचे तो मंदिर परिसर स्थित नीम के पेड़ में फांसी के फंदे पर उसकी लाश टंगी देखी। मृतका के पुत्र रामप्रसाद ने थाने में सूचना दी। क्षेत्राधिकारी रमेश प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष लिखिराम वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है।
उधर, एक अन्य घटना में बबेरू के मनोरथ थोक (कमासिन रोड) निवासी रामदीन गुप्ता की पत्नी रामजानकी (22) ने सूने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। रामदीन ने बताया कि वह गैस एजेंसी की गाड़ी लेकर गैस बांटने गया था। पिता बच्चा गुप्ता गुरुपूर्णिमा पर अपने गुरु के यहां गए थे। मां भी घर में नहीं थी। सूना मौका पाकर उसने छत के हुक में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। चार साल पहले उसका विवाह हुआ था। एक पुत्र व एक पुत्री है।