बांदा। चोरी की घटनाओं में लगाम नहीं लग रही। शहर में आए दिन चोरियां जारी हैं। ताजी घटना में चोरों ने डाक्टर और उसके किराएदार के मकान में धावा बोलकर 50 हजार रुपए नकद समेत साढे़ चार लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए। पुलिस अधीक्षक ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
आवास विकास कालोनी में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा.केशव गुप्त के मकान में शुक्रवार को चोरों ने धावा बोलकर उनके किराएदार दवा प्रतिनिधि अभिषेक सिंह के यहां हाथ साफ कर दिया। शाम को वह कानपुर से लौटे तो मुख्य गेट का प्रवेश द्वार पर लगा ताला टूटा मिला। इनके अलावा चार कमरों के ताले टूटे मिले। कमरों में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी के लाकर तोड़कर चोर 25 हजार रुपए नकद और साढे़ तीन लाख रुपए के जेवरात उड़ा ले गए। यहां के बाद चोरों ने ऊपरी मंजिल में रह रहे मकान मालिक डा.केशव गुप्ता के कमरे का ताला और अलमारी तोड़कर डेढ़ लाख के जेवरात और 25 हजार रुपए नकद चुरा लिए। एसपी ज्ञानेश्वर तिवारी, एएसपी स्वामी प्रसाद और क्षेत्राधिकारी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।