बांदा। कालेज में सीटें बढ़ाने और छात्र समस्याओं के निपटारे के लिए छात्र नेताओं ने अब मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। सीएम तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सपाइयों को माध्यम बनाया है। मांगों से संबंधित ज्ञापन सपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य इमत्याज खान को सुपुर्द किया। इसमें विज्ञान और बीकाम वर्ग की तरह कला वर्ग में भी सीटें बढ़ाए जाने के साथ कई अन्य समस्याओं भी गिनाई गई हैं।
मंगलवार को बुंदेलखंड स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष अबरार फारुकी के नेतृत्व में राजीव गांधी महाविद्यालय के छात्रों ने चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि इस वर्ष छात्र-छात्राओं की तादाद बढ़ी है लेकिन सीटें कम हैं। सीटें बढ़ाने के साथ ही छात्रों को विशेष छूट और सुविधाएं दी जाएं। बबेरू में छात्रों पर थोपे गए मुकदमे वापस हों। छात्रों को परिचय पत्र के आधार सस्ता राशन और मिट्टी का तेल तथा मुफ्त चिकित्सा और यात्रा सुविधा दी जाए। ज्ञापन देने वाले छात्रों में मुज्जमिल खां, फैजल खां, निर्भय सिंह मोंटी, अब्दुल अहमद, वैभव कुमार गुप्त, शाहिद बेग उर्फ चांद, शहनवाज खां, ऋषभ सेठ, नुरूल हक, आमिर, रोहित सेठ, पीयूष त्रिपाठी, फैज अहमद, प्रदीप कुमार, सरवर रिजवी इत्यादि शामिल रहे।