ब्यूरो, अमर उजाला, बांदा
Updated Sat, 24 Dec 2016 12:01 AM IST
जेल गेट पर मीडिया से बातचीत करते डीएम व एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
विधान सभा चुनाव की आचार संहिता लागू होते ही सभी जेल केंद्रीय निर्वाचन आयोग के रडार पर रहेंगे। केंद्रीय उप चुनाव आयुक्त विजय देव ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में यह घोषणा की है। इस असर शुरू हो गया है। शुक्रवार को यहां मंडल कारागार का डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया। हालांकि इसे सामान्य निरीक्षण बताया जा रहा है।
लखनऊ आए उपायुक्त ने बृहस्पतिवार को कहा था कि आचार संहिता लागू होते ही जेलों पर खास नजर रखी जाएगी। उधर,डीएम डॉ.सरोज कुमार और एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने अन्य आधिकारियों के साथ दोपहर को अचानक जेल पहुंचकर बैरिकों आदि का सघन निरीक्षण किया। बंदियों के पास से 5000 रुपये बरामद हुए। जेल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए इन्हें एक सप्ताह में चालू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सीसीटीवी कैमरा लगाने वाली अपट्रान कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बात भी की। लगभग पौने दो घंटे के निरीक्षण के बाद बाहर आए डीएम, एसपी ने बताया कि बैरिकों में कुछ बंदियों के पास रुपये बरामद हुए हैं। निरीक्षण में एडीएम गंगाराम गुप्त, अपर एसपी मायाराम वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) डा.राकेश मिश्र, कोतवाली प्रभारी केपी सिंह सहित कई थानाध्यक्ष शामिल रहे।