बीएससी के 12 कोर्स का बदलेगा सिलेबस
विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में हुआ मंथन
नए शैक्षिक सत्र से कॉलेजों में रिवाइज सिलेबस पढ़ाया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में करीब 15 सालों से बीएससी में पढ़ाए जा रहे 12 कोर्स का सिलेबस अब रिवाइज किया जाएगा। इसको लेकर बुधवार को विश्वविद्यालय में साइंस फैकल्टी की बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक हुई जिसमें विचार हुआ कि सिलेबस से किस यूनिट को हटाया जाए और किसे शामिल रखा जाए। पुराने सिलेबस की एक-एक कॉपी और आर्डिनेंस की कॉपी सदस्यों को दी गई। अब इसी माह के आखिर में एक और बैठक होगी जिसमें सिलेबस पर अंतिम मुहर लगेगी। विद्या परिषद से सिलेबस पास होने के बाद शैक्षिक सत्र 2018-19 में इसे लागू कर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में संचालित तमाम कोर्स ऐेसे हैं जिनके सिलेबस लंबे समय से रिवाइज ही नहीं किए गए। पिछले 15 वर्षों में साइंस की पूरी दुनिया ही बदल चुकी है, लेकिन छात्र आज भी वही पुरानी चीजों को पढ़ रहे हैं। अब साइंस में स्नातक स्तर पर जो भी सिलेबस पढ़ाया जा रहा है उसके वर्तमान समय की मांग के अनुसार बनाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक अबतक थ्योरी ज्यादा पढ़ाई जाती है, लेकिन अब नए सिलेबस में प्रैक्टिकल वर्क पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। बैठक साइंस के डीन डॉ. एसके अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। सभी सदस्यों के सुझाव से सिलेबस तैयार होगा। मार्च आखिर में दूसरी बैठक बुलाई गई है।
इन विषयों के बदलेंगे सिलेबस
बीएससी आनर्स, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, बीएससी बॉटनी, बीएससी केमिस्ट्री, बीएससी फिजिक्स, बीएससी कंप्यूटर, बीएससी जूलॉजी, बीएससी मैथमेटिक्स, बीएससी इन्वायरमेंट, बीएससी सांख्यिकी, बीएससी सैन्य अध्ययन।
वर्जन
सिलेबस रिवाइज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। साइंस में स्नातक स्तर पर कुछ कोर्स के सिलेबस रिवाइज किए जाएंगे जो नए शैक्षिक सत्र से लागू होंगेे।
-महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक