बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज जंगल की जटपुरा बीट जंगल से सटे बरौंछा नाले के पास से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक के सामने अचानक बाघिन आ गई। बाघिन देख युवक के होश उड़ गए। वह बाइक को वहीं छोड़कर भाग खड़ा हुआ और परिवार व गांव वालों की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने मौके पर जाकर बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि की है।
बुधवार सुबह करीब दस बजे हरदुआ फार्म निवासी 20 वर्षीय आयुष बाइक से बांकेगंज कस्बा आ रहा था। इस दौरान रोड से सटे बरौंछा नाले के पास से गुजरते समय एक बाघिन बाइक सवार युवक आयुष से कुछ दूरी पर आकर खड़ी हो गई। यह देख युवक के होश उड़ गए और उसे कुछ नहीं सूझा तो वह बाइक छोड़कर उल्टे पांव वहां से भाग खड़ा हुआ। उसने इस बाबत घर पहुंचकर पिता कमलेश कुमार और गांव वालों को बताया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे फॉरेस्टर मोहम्मद उमर, राजेंद्र वर्मा ने बाघिन के पगचिह्न देखे और उस जगह पर बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि की है।
मालूम हो कि मैलानी रेंज जंगल से हरदुआ फार्म होते हुए बरौंछा नाले तक बाघ-बाघिन ने अपना कॉरीडोर बना लिया है। बाघ-बाघिन इसी रास्ते से होकर बरौंछा नाले आते हैं, और वहीं से जंगल वापस चले जाते हैं। हालांकि इन बाघ-बाघिनों ने अभी तक किसी ग्रामीण को काई नुकसान नहीं पहुंचाया है।
जटपुरा बीट जंगल से सटे हरदुआ फार्म की रोड पर एक बाइक सवार युवक के सामने बाघिन आने की सूचना मिली है। ग्रामीणों और राहगीरों को सलाह है कि वे उस रास्ते से गुजरते समय सतर्कता बरतें। वन कर्मियों की टीम चौबीस घंटे बारी-बारी से बाघिन की निगरानी कर रही है।
-केपी सिंह, वन क्षेत्राधिकारी,मैलानी रेंज,बफरजोन।