तिलहर (शाहजहांपुर)। जिले की नोडल अफसर के तौर पर गांव बिलहरी के परिषदीय जूनियर हाईस्कूल का निरीक्षण करने पहुंचीं शासन की प्रमुख सचिव डिंपल वर्मा उस वक्त सन्न रह गईं जब स्कूल के दो बच्चों ने अपने शरीर पर पिटाई के निशान दिखाते हुए आरोप लगाया कि स्कूल आकर इस्लामिक ढंग से अभिवादन न करने पर हेडमास्टर उन्हें बेरहमी से पीटते हैं। प्रमुख सचिव ने बच्चों की मरहम-पट्टी कराने के बाद हेडमास्टर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया।
डिंपल वर्मा रविवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलहरी गईं तो वहां स्कूल में पढ़ने वाले कुछ बच्चे भी पहुंच गए। इनमें से सूरज और प्रियांशु नाम के बच्चों ने उनसे शिकायत की कि स्कूल आने के बाद जब वे हेडमास्टर चांद मियां से गुड मॉर्निंग बोलते हैं तो वह उनसे अस्सलाम वालेकम बोलने को कहते हैं। वे अस्सलाम वालेकम नहीं बोल पाते हैं तो हेडमास्टर उन्हें बुरी तरह पीटते हैं। सूरज और प्रियांशु ने पिटाई से अपने शरीर पर पड़े चोटों के निशान भी दिखाए।
बच्चों के आरोपों से हैरत में पड़ी प्रमुख सचिव ने सच्चाई जानने के लिए स्कूल के कुछ और बच्चों को बुलाकर पूछताछ की। उन्होंने भी आरोपों की पुष्टि की तो प्रमुख सचिव ने पिटाई से जख्मी बच्चों की मरहम-पट्टी कराई और फिर एसडीएम मोइन उल इस्लाम को इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
-छात्रों के आरोप निराधार हैं। मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा और न बच्चों की पिटाई की। बेवजह मुझे साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। - चांद मियां, प्रधानाध्यापक
प्रमुख सचिव ने इस मामले को गंभीरता से लेते इसकी जांच बीएसए से कराकर दोषी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।- मोइन उल इस्लाम, एसडीएम