शाहजहांपुर। क्रांतिकारी शहीद ठाकुर रोशन सिंह के पैतृक गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ इलेक्शन मोड में नजर आए। करीब 45 मिनट के संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते रहे। इस दौरान वह विवादित बोल से बचे। सिर्फ एक बार गो संरक्षण के बहाने सपा पर तंज कसा। न्यूनतम समर्थन मूल्य के जरिये किसानों को और सरकारी क्षेत्र में सवा लाख नई भर्तियों के नाम पर युवाओं पर डोरे डाले। निजी क्षेत्र में निवेश, किसान कर्ज माफी, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना का जिक्र किया तो शहीदों के परिवारों की उपेक्षा के लिए पुरानी सरकारों को भी घेरा। संबोधन में एक बार भी राम मंदिर का जिक्र नहीं किया।
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिल रहा है। साल 2017 में सरकार ने 37 मीट्रिक टन( एमटी), 2018 में 53 एमटी गेहूं की खरीद की। 2017 में 17 एमटी और 2018 में अब तक 22 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है। धान खरीद 31 जनवरी तक चलेगी। गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए बोले कि पेराई सत्र में उनकी सरकार ने 45 हजार करोड़ गन्ना मूल्य भुगतान किया। चालू पेराई सत्र में अब तक ढाई हजार करोड़ गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। पिछली सरकारों में किसान की उपज माफिया खरीदते थे। अब ऐसा नहीं हो रहा। संबोधन के दौरान कई बार शहीदों का जिक्र किया। बोले, विकास लंबी प्रक्रिया है, लेकिन बलिदानी हमें प्रेरणा देते हैं। वास्तव में आजादी का लाभ शहीदों के गांवों तक पहुंचने में देरी हुई है।
प्रेस क्लब भवन निर्माण को मंजूरी
शाहजहांपुर। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने मंच से घोषणा की कि शासन ने प्रेस क्लब भवन निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो गया है। टाउन हाल के पास खाली पड़ी जमीन पर प्रेस क्लब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की यह पुरानी मांग थी जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया है।
15 जनवरी तक वितरित करें राशन कार्ड
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री ने मंच से अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर परिवार के पास राशन कार्ड होना चाहिए। 15 जनवरी तक शिविर लगाकर राशन कार्ड का वितरण करें। बिना किसी भेदभाव के पात्रों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए। अधिकारियों को चेताया कि किसी तरह की लापरवाही न हो। गांवों में शिविर लगाकर पात्रों को पेंशन जारी करें।
कॉलेज को भूमि दान करने वालों का आभार
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री उन लोगों का आभार जताना भी नहीं भूले जिन्होंने नवादा दरोबस्त में शहीद ठाकुर रोशन सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज के लिए जमीन दान की है। उन्होंने कहा कि जब इंच-इंच जमीन के लिए खूनी संघर्ष हो रहे हैं ऐसे में जिन लोगों ने कॉलेज के लिए जमीन दान दी वे आभार और बधाई के पात्र हैं।