बरेली। उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष, पूर्व भाजपा सांसद श्याम बिहारी मिश्रा ने प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा है कि व्यापारी परेशान हैं लेकिन सरकार उनकी जायज मांगें तक नहीं मान रही हैं। मंडी शुल्क व्यवस्था खत्म नहीं हो पा रही है। उन्होंने व्यापारियों का आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संघर्ष करते रहें।
रोटरी क्लब भवन में आयोजित कार्यक्रम में श्याम विहारी मिश्रा प्रदेश सरकार के रवैये से खिन्न दिखे। बोले, व्यापारी वर्ग अपनी उपेक्षा से आहत है। उन्होंने कहा कि व्यापारी हताश न हों, बल्कि एकजुट होकर संघर्ष करते रहें। कारोबारियों को परेशान करने के लिए आयकर और अन्य छापों से डराया जा रहा है। पिछले दिनाें उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल के प्रतिष्ठान पर छापामार कार्रवाई कर आतंक फैलाने की कोशिश हुई। वह वित्तमंत्री से अगले सप्ताह मुलाकात कर इस मनमानी से उन्हें अवगत कराएंगे। महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मंडी शुल्क के खिलाफ दिसंबर में धरना, प्रदर्शन होगा। इसमें सरकारी विभागाें के आतंक का भी विरोध होगा। प्रांतीय अध्यक्ष ने उद्यमी खंडेलवाल से मुलाकात कर छापे के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम का संचालन राजेश जसौरिया नेे किया। इस दौरान दुर्गेश कुमार, दर्शनलाल, मोहसिन आलम, पराग अग्रवाल, जुगल सुखानी, महेश कनौजिया आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर 40 पदाधिकारी घोषित किए गए।