भमोरा में ट्रैक्टर-ट्राली पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से कांवड़िया अवधेश की मौत होने के बाद जब उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी लाया गया तो वहां डीप फ्रीजर खराब था। इस पर घरवालों ने हंगामा किया। मामला बिथरी चैनपुर के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के के संज्ञान में आया तो उन्होंने नाराजगी जताई। इस पर सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने तत्काल दो नए डीप फ्रीजर लगवाने के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देेश स्टाफ को दिए। मोरचुरी में तीन डीप फ्रीजर हैं। इनमें दो खराब हैं। सोमवार को भमोरा में कांवड़िये अवधेश की करंट से मौत के बाद जब उसके शव को मोर्चरी में रखने के लिए भेजा गया तो उसे डीप फ्रीजर नहीं मिला। बिथरीचैनपुर के विधायक राजेश मिश्रा के प्रतिनिधि विक्की पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तो यहां शव की दुर्दशा होते देख उन्होंने विधायक को मामले से अवगत करा दिया। इसके बाद विधायक ने सीएमओ और सीएमएस से बात करने के बाद डीएम वीरेंद्र सिंह से भी बात की। इस बाबत सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने बताया कि मोर्चरी में दो नये डीप फ्रीजर लगाने का फैसला किया गया है। फंड मिलने पर टाइल्स भी लगवाए जाएंगे।