बरेली। भाजपा किसान महाकुंभ अभियान में बृज क्षेत्र की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। सिटी डिवाइन पैलेस में हुई भाजपा किसान मोर्चा की प्रांतीय बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष हरनेश गौतम ने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में किसानों के लिए जितना काम कर दिया है, उतना कांग्रेस और विपक्ष की सरकारें 70 साल में नहीं कर पाईं।
किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री डा. पंकज गंगवार ने बताया कि गोरखपुर में 23 और 24 फरवरी को होने वाले किसान अधिवेशन में प्रदेश भर के किसान पहुचेंगे। अधिवेशन का प्रारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह और समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह किसान अधिवेशन एतिहासिक और मील का पत्थर साबित होगा। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष योगेश पटेल ने कहा कि प्रदेश भर में 59 हजार ग्राम सभाओं में केंद्र-प्रदेश सरकार की किसान हित की योजनाओं में प्रचार-प्रसार का लक्ष्य है। इसमें बृज क्षेत्र की 8500 में से 6500 ग्राम सभाओं में यह लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। बरेली में 1063 ग्राम सभाओं में सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार का काम चल रहा है। क्षेत्रीय मंत्री अरुण यादव और जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 10 जनवरी से चल रहे अभियान में किसानों की 2022 तक दो गुनी आय, किसान सम्मान, मृदा हेल्थ कार्ड, ई मार्केट, ई मंडी, कृषि बाजार, रबी खरीफ फसलों की एमएसपी वृद्धि जैसी योजनाओं के बारे में किसानों को बताया गया।