भमोरा (बरेली)।
छह वर्षीय मासूम को बहाने से घर से बुलाकर ले गए पड़ोस के 19 वर्षीय युवक ने उसके साथ गांव के बाहर बाग में दुष्कर्म किया। दर्द से रोती मासूम के हाथ पर आरोपी ने पांच रुपये का सिक्का रखकर घर पर किसी को कुछ न बताने की धमकी दी। देर शाम घर लौटे पिता को मासूम ने वाकया बताया, जिसके बाद पिता ने थाना भमोरा जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। दोनों परिवार अलग-अलग समुदाय के होने के कारण गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
भमोरा के एक गांव में रहने वाले पेंटर के घर पर शनिवार को बेटे की शादी की बात के लिए लड़की वाले आए थे। पेंटर कहीं बाहर गए हुए थे, उनके बड़े भाई खेत पर थे। परिवार की महिलाओं ने उन्हें बुला लाने के लिए पड़ोस में रहने वाले रहीश के 19 वर्षीय बेटे सलीम को खेत पर भेजा। सलीम यह कहते हुए पेंटर की छह वर्षीय बेटी को भी साथ ले गया कि उसने खेत नहीं देखा है। लड़की उसे खेत बता देगी। खेत पर काम कर रहे बच्ची के ताऊ ने दोनों को कुछ देर में घर आने की बात कहकर लौटा दिया।
आरोप है कि सलीम ने लौटते हुए बच्ची को खींचकर एक बाग में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में बच्ची के हाथ पर पांच रुपये रखकर उसे घर पर किसी को कुछ न बताने की धमकी दी। शाम को पिता के घर लौटने पर दर्द से बेचैन मासूम ने रोते हुए उन्हें पूरा वाकया बताया। जिसके बाद पिता ने रात में ही अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ थाने आकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रविवार को पाक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बच्ची को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरोपी सलीम के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह जघन्य अपराध है। बच्ची का मेडिकल हो गया है, गनीमत है कि उसे कोई खास चोट नहीं आई। आरोपी सलीम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
- अशोक कुमार सिंह, सीओ आंवला