बरेली। लोकसभा सीट बरेली और आंवला सीट के लिए 28 मार्च से शुरू होने वाले नामांकन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पर्चा दाखिल करने के लिए कलक्ट्रेट में डीएम और एडीएम एफआर कोर्ट में रिटर्निंग आफीसरों के रूम बनाए गए हैं। डीएम कोर्ट में बरेली और एडीएम एफआर के यहां आंवला सीट से चुनाव लड़ने वाले अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कलक्ट्रेट के आसपास बैरीकेडिंग के लिए शनिवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की टीम ने सर्वे भी कर लिया है। रविवार से बैरीकेडिंग का काम शुरू हो जाएगा। नामांकन संबंधी सभी तैयारियां 26 फरवरी की शाम तक पूरी हो जाएंगी।
प्रशासन ने 28 मार्च से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के लिए तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी हैं। नामांकन के दौरान यह प्रतिबंध रहेगा कि एक प्रत्याशी अपने साथ तीन वाहन ही ला सकते हैं, उन्हें भी सौ मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार प्रस्तावकों के पैदल ही आरओ रूम के अंदर दाखिल होंगे।
उम्मीदवारों के वाहनों को रोकने के लिए कलक्ट्रेट के सामने एसबीआई के पास, इधर ज्यूडीशियरी गेट के नजदीक और उधर तहसील के पास बैरीकेडिंग होगी। प्रत्याशियों के वाहन यहीं तक आ सकेंगे। सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया के दौरान पल-पल की मॉनीटरिंग होगी। आरओ रूम के बाहर ही रजिस्टर पर अंदर दाखिल होने वाले सभी लोगों के नाम का रिकार्ड दर्ज होगी। आरओ रूम में एक बार में पांच लोगों से ज्यादा प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नामांकन की तैयारियों को लेकर शनिवार को एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम सिटी महेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार के साथ एसपी सिटी, सीओ फर्स्ट, कोतवाल, पीडब्ल्यूडी के एक्सईन सहित कई अन्य लोगों ने कलक्ट्रेट व उसके आसपास का जायजा लिया। इस दौरान बैरीकेडिंग का ठेका लेने वाले कांट्रेक्टर को भी दिशा-निर्देश दिए गए।
रजिस्टर्ड पार्टी के लिए एक और बाकी के लिए 10 होंगे प्रस्ताव
एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने बताया कि पर्चा दाखिल करने के लिए मान्यता प्राप्त प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार के साथ एक प्रस्तावक और बाकी स्वतंत्र और अपंजीकृत पार्टी के प्रत्याशियों को दस प्रस्तावक लाने होंगे।