बरेली। राम बरात में पत्थर फेंकने की घटना के बाद प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सख्ती बढ़ा दी। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एसएसपी से फोन पर बात करके अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू है। शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
साहू गोपीनाथ डिग्री कालेज से आगे सरायखाम में पत्थर फेंकने की घटना की खबर मिलते ही अतिरिक्त फोर्स भेजी गई। देर रात सिटी मजिस्ट्रेट समेत अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भी मौके पर भेजे गए। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने एसडीएम सदर और नगर मजिस्ट्रेट के अलावा संबंधित थाना प्रभारियों को आजमनगर, सरायखाम, श्यामगंज, शाहदाना, सैलानी समेत पुराना शहर के कुछ इलाकों, बानखाना, कोहाड़ापीर, किला, स्वालेनगर और बुधौलिया में होली के मौके पर पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद सभी इलाकों में धारा 144 लागू है। किसी भी इलाके में भीड़ जमा न होने दें। शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई करें।
जिस इलाके में पत्थरबाजी की घटना हुई, वह आपसी झगड़ा था। घटना के तुरंत बाद मौके पर फोर्स भेजकर स्थिति नियंत्रित कर ली गई। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में होली के बाद तक पुलिस की गश्त रहेगी। इसके लिए अतिरिक्त फोर्स भी भेजी गई है।
- वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम