बरेली। जीके श्रीवास्तव अस्पताल में तीमारदार के साथ बलात्कार के मामले में एसएसपी ने विवेचक को तलब कर आरोपी अटेंडेंट की मदद करने वाली नर्स की पहचान के लिए कोर्ट को रिपोर्ट भेजकर शिनाख्त परेड कराने का आदेश दिया।
रामपुर बाग स्थित जीके श्रीवास्तव अस्पताल में भर्ती हुई अपनी मां की तीमारदारी कर रही एक किशोरी बलात्कार की शिकार हुई थी। 27 जुलाई की रात एक नर्स उसे समोसा खिलाने के बहाने उठाकर चौथी मंजिल पर ले गई थी जहां अस्पताल के ही एक अटेंडेंट अमित कुमार ने उसके साथ बलात्कार किया था। बुधवार को एसएसपी ने सीओ को बुलाकर विवेचना की प्रगति की जानकारी ली और आरोपी का सहयोग करने वाली नर्स की पहचान के लिए रिपोर्ट कोर्ट को भेजकर शिनाख्त परेड कराने का निर्देश दिया। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। डॉक्टर राजीव श्रीवास्तव को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
आखिर गायब क्यों हो गई नर्स
जीके श्रीवास्तव अस्पताल में बलात्कार के मामले का खुलासा होने के बाद से एक नर्स गायब है। बीमारी का बहाना बनाकर गायब हुई इसी नर्स को ही आरोपी अमित कुमार का सहयोगी बताया जा रहा है। पुलिस को भी उस पर पुख्ता शक है लेकिन खानापूरी करने के लिए परेड होनी जरूरी है।