बरेली। पीलीभीत बाईपास पर सोमवार को सीएनजी की पाइप लाइन में रिसाव होने से आसपास के लोगों में अफरातफरी फैल गई। लोगों ने इधर से गुजरना बंद कर दिया। गैस कंपनी वालों ने पाइप लाइन की मरम्मत कर रिसाव बंद किया तब कहीं लोगों ने राहत की सांस ली।
और पढ़ें
सोमवार दोपहर करीब तीन पीलीभीत बाईपास पर आईसीआईसीआई बैंक के सामने सीएनजी की पाइप लाइन लीक हो गई और उससे गैस का रिसाव होने लगा। सड़क पर गुजर रहे लोगों को जब गैस के रिसाव का एहसास हआ तो वे अनहोनी के डर से ठहर गए। सड़क के दोनों ओर काफी भीड़ जमा हो गई। गैस के रिसाव की सूचना सिटी कंट्रोल रूम को दी गई तो वहां से गैस कंपनी को खबर की गई। कुछ देर में कंपनी के कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पाइप लाइन की लीकेज बंद करने के बाद गैस का रिसाव बंद हो गया। गैस रिसाव की सूचना पर फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया था लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही पाइप लाइन ठीक की जा चुकी थी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर बारादरी आरके सिंह ने बताया कि गैस रिसाव से कोई हानि नहीं हुई है।