बरेली। हाफिजगंज के बाद अब आलमपुर जाफराबाद के सेंहदा में भी शौचालय निर्माण में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। यहां अधूरे शौचालय छोड़ दिए गए जबकि पैसे पूरे का निकाल लिए गए हैं। डीपीआरओ की जांच में हकीकत सामने आई। अब प्रधान के साथ सचिव पर भी कार्रवाई होगी। हालांकि यहां दो सचिव के कार्यकाल का मामला फंस रहा है। इसकी भी जांच की जा रही है कि किस सचिव के कार्यकाल में गड़बड़ी हुई या दोनों इसमें शामिल हैं। डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि जांच पूरी हो गई है। गांव में तमाम शौचालय अधूरे छोड़ दिए गए हैं। प्रधान और सचिव पर कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को कार्रवाई का आदेश जारी होगा। अभी तय नहीं हुआ है कि क्या कार्रवाई होगी।
आंगनबाड़ी के शौचालयों में लगा दीं बड़ों की सीटें
बरेली। आंगनबाड़ी केंद्रों पर शौचालय बच्चों के लिए बनाए गए लेकिन यहां सीटें बड़ों के हिसाब से लगा दी गईं। अब बच्चों को शौचालय का उपयोग करने में दिक्कत हो रही है। मामले की शिकायत डीएम तक भी पहुंची जिसके बाद उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालयों में बच्चों के हिसाब से सीटें लगाई जाएं। शुक्रवार को डीपीआरओ एक आंगनबाड़ी पर बने शौचालय भी देखने पहुंचे। दरअसल, आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह साल के बच्चे होते हैं जिनके लिए नौ इंच की सीट होनी चाहिए जबकि अधिकतर आंगनबाड़ी केंद्रों पर 14 इंच की सीट लगा दी गईं। अब सभी शौचालयों में नौ इंच की सीटें लगाई जाएंगी।