यूपी बोर्ड परीक्षा की कापियों के मूल्यांकन में गलत नंबर देने वाले परीक्षकों पर कार्रवाई भी हो सकती है। बोर्ड ने इसके लिए सख्त नियम बनाए हैं। स्क्रूटनी में अगर यह पाया गया कि परीक्षक ने किसी सवाल के कम या ज्यादा नंबर दिए हैं तो जुर्माना लग सकता है। इसके साथ ही उनको यूपी बोर्ड के मूल्यांकन और परीक्षा संबंधित कार्य से भी डिबार करने का प्रावधान है।
यूपी बोर्ड ने इस साल की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए नियम जारी कर दिए हैं। परीक्षकों को पारदर्शिता के साथ मूल्यांकन के निर्देश दिए गए हैं। पिछले वर्ष बहुत से परीक्षार्थियों को कम नंबर मिले थे। इसके चलते परीक्षार्थियों का रिजल्ट प्रभावित हुआ। परीक्षार्थियों की शिकायत पर जब बोर्ड ने कापियोें की स्क्रूटनी कराई तो कम नंबर देने की पुष्टि हुई। ऐसे परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। बहुत से मामलों में सवाल के गलत जवाब पर भी अच्छे नंबर दे दिए गए। मूल्यांकन में इस तरह की मनमानी पर बोर्ड ने सख्त कदम उठाने के आदेश दिए हैं। इलाहाबाद में मूल्यांकन की तैयारी के लिए सोमवार को यूपी बोर्ड ने प्रत्येक जिले के डीआईओएस और मूल्यांकन केंद्र प्रभारियों की मीटिंग बुलाई है। इसमें निर्देश जारी किए जाएंगे।
इंसेट...
30 मार्च से जंचनी शुरू हो जाएंगी कॉपियां
बरेली। शहर में बनाए गए पांचों मूल्यांकन केंद्रों पर कापियां आने लगी हैं। इन पर 30 मार्च से मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। नौ लाख से ज्यादा कापियों का मूल्यांकन किया जाना है। इंटर की चार लाख से ज्यादा और हाईस्कूल की लगभग साढ़े पांच लाख कापियां बरेली में जांची जाएंगी। इसके लिए लगभग दो हजार परीक्षक और डीएचई बना दिए गए हैं।
कहां कितनी कापियां जंचेंगी-
केंद्र कापियां परीक्षक डीएचई
इस्लामियां 2.10 लाख 372 40
जीआईसी 2.20 लाख 380 45
बिशप मंडल 1.74 लाख 400 33
केडीईएम 1.36 लाख 330 33
एमबी 1.71 लाख 367 39
कुल 9.11 लाख 1849 190