टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस भी की गई नियमित
रेलवे ने बरेली होकर गुजरने वाली 05062-61 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस को भी नियमित का दर्जा दे दिया है। अप-डाउन में इस गाड़ी का संचालन पांच-पांच दिन किया जाएगा। ट्रेन को नया नियमित नंबर भी जारी कर दिया गया है। 15094 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन टनकपुर से तड़के 4:10 बजे चलने के बाद 6:35 बजे बरेली जंक्शन आएगी और दोपहर 12:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी। 15093 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस दोपहर 3:50 बजे अछनेरा से चलने के बाद रात 8:33 बजे बरेली जंक्शन आएगी और 11:45 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर-दिल्ली विशेष ट्रेन चार और पांच जून को निरस्त
बरेली। गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात और आठ पर फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है। इनमें बरेली होकर गुजरने वाली दिल्ली-गोरखपुर विशेष ट्रेन भी शामिल है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर से चार जून को चलने वाली 05057 गोरखपुर-दिल्ली विशेष गाड़ी और दिल्ली से पांच जून को चलने वाली 05058 दिल्ली-गोरखपुर विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी।