ज्येष्ठ गंगा दशहरा स्नान पर्व पर ब्रजघाट में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पांच जिलों के अफसरों ने लगने वाले जाम से बचने को ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। 13 जून को दोपहर 12 बजे से यह रूट डायवर्जन लागू हो जाएगा और 14 जून को शाम पांच बजे तक रहेगा। रूट डायवर्जन के लिए सख्ती के साथ लागू करने के लिए पुलिस, प्रशासन के साथ ही परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर गंगा दशहरा के दिन 14 जून को गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम से बचने के लिए लागू की गई इस व्यवस्था में मुरादाबाद से दिल्ली रोड पर वाहनों को आगे जाने से रोक दिया जाएगा। रूट डायवर्जन 13 जून को दोपहर 12 बजे से लागू कर दी गई है। इस डयवर्जन से माल वाहक वाहन, ट्रक डीसीएम, कैंटर आयशर और भारी वाहन, लोडर, कंटेनर और ट्रैक्टर के लिए यह रूट डायवर्ट रहेगा।
मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन
मुरादाबादा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कांठ, स्योहारा, धामपुर, बिजनौर. बैराज, मीरापुर, मवाना मेरठ, मोदीनगर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। इसके अलावा वैकल्पिक मार्ग में मुरादाबाद से टीएमयू के बगल से अगवानपुर बाईपास छजलैट, नूरपुर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना होते हुए मेरठ-दिल्ली भेजा जाएगा।
बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात
बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात आंवला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से नरौरा बैराज होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
हापुड़-मेरठ से मुरादाबाद-रामपुर आने वाला ट्रैफिक
हापुड़ व मेरठ से गढ़ के मध्य से मुरादाबाद-रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन गढ़ चौपुला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर डिबाई, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए मुरादाबाद-रामपुर की ओर जाएगा।
रामपुर से दिल्ली जाने वाला यातायात
रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबरालास नरौरा होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
चांदपुर (बिजनौर) से गजरौला होकर दिल्ली जाने वाला यातायात
चंदापुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को थाना धनौरा की बार्डर पुलिस चौकी रसूलपुर पर रोक दिया जाएगा और वापस बिजनौर बैराज, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
अमरोहा से दिल्ली जाने वाला यातायात
अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी-हल्के वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजे जाएंगे।
गजरौला से दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक
गजरौला चौपला से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी-हल्के वाहनों को हसनपुर, रहरा, गवां, अनूपशहर से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। दूसरा विकल्प हसनपुर से सीधे गंगापुल पर होकर भी बुलंदशहर जाने का है।
धनौरा से दिल्ली जाने के लिए यह रास्ता
धनौरा से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चांदपुर, बिजनौर, मवाना, मेरठ होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
संभल-हसनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन
संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात
शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्य भारी वाहनों को शाहजहांपुर से मीरानपुर कटरा जलालाबाद, कलान, बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर से दिल्ली भेजा जाएगा।
गाजियाबाद से बरेली-लखनऊ की ओर जाने वाला ट्रैफिक
गाजियाबाद से बरेली-लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को लालकुआं की ओर मोड़कर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए बरेली-लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
मेरठ से बरेली-लखनऊ इस रास्ते से जाएंगे
मेरठ से बरेली लखनऊ जाने के लिए भारी वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्योहारा, कांठ मुरादाबाद होते हुए बरेली और लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।