बस्ती। राशन कार्डों के निर्माण में एक बड़े गोलमाल की खबर है। कोटेदार ने अपने पूरे परिवार के नाम से 12 राशन कार्ड बनवा लिया। इसके अलावा भी तमाम फर्जी राशन कार्ड बनवाए गए हैं। इनमें बीपीएल और एपीएल दोनों शामिल हैं। इस मामले की शिकायत डीएम से की गई है।
खाद्य एवं रसद विभाग किस कदर राशन कार्डों का सत्यापन करता है, इसकी पोल दुबौलिया ब्लाक में खुल गई है। यहां के कोटेदार ने बड़े पैमाने पर फर्जी कार्ड बनवा रखे हैं। इन कार्डाें को लेकर विभाग भी बेखबर बना हुआ है, जबकि इसकी शिकायत कई बार अफसरों से की जा चुकी है। मगर विभाग शिकायतों को नजरअंदाज करता आ रहा है। ग्रामीण पृथ्वीपाल ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि कोटेदार ने अपने पुत्र पंकज उपाध्याय के नाम से राशन कार्ड सं.010114, अंकित के नाम से कार्ड सं.010115, ज्वाला प्रसाद के नाम से कार्ड सं.010109, जगदंबा प्रसाद के नाम से कार्ड सं. 010110, अष्टभुजा के नाम से कार्ड सं. 010108, भतीजे दीपक के नाम से कार्ड सं. 010113, जितेंद्र के नाम से कार्ड सं.010112, अभिषेक के नाम से 010111, प्रशांत के नाम से कार्ड संख्या 010118, आकाश के नाम से कार्ड सं.010119, मुकेश के नाम से कार्ड सं.010116, बबलू के नाम से कार्ड सं.010117 बनवाया गया है। इतना ही नहीं, कुछ कार्डों में जाति बदल कर इन्हीं नामों से कई कार्ड बनवाए गए हैं।