लालगंज। कस्बे के घाट पर अपनी दादी का अंतिम संस्कार करने आया मुंडेरवा थानाक्षेत्र के कड़सरी के रहने वाले युवक ने नदी में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख अंतिम संस्कार में आए बाकी लोग भाग लिए। समाचार लिखे जाने तक उसके शव का पता नहीं चला।
मुंडेरवा थानाक्षेत्र के कड़सरी के रहने वाले वंशीलाल की माता का रविवार को देहांत हो गया। गांव के लोगों और अन्य हितैषियों, रिश्तेदारों के साथ लोग शव का अंतिम संस्कार करने लालगंज घाट पर पहुंचे। करीब साढे़ पांच बजे शाम को वंशीलाल का बेटा धर्मेंद्र भी नशे में धुत होकर पहुंचा। कुछ देर इधर-उधर टहलने के बाद धर्मेंद्र (35) ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। वहां पर परिजनों के अलावा काफी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे। सबने उसे ऐसी हरकत करते देखी मगर किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। उल्टे अधिकतर लोग धीरे-धीरे सरक लिए। पिता वंशीलाल केे मुताबिक धर्मेंद्र की पत्नी कहीं चली गई है। जब से वह गई तब से धर्मेंद्र दिन भर शराब के नशे में धुत रहने लगा था। घटना की सूचना मुकामी पुलिस को भी दे दी गई है। शाम सात बजे तक घाट पर कोई नहीं पहुंचा था।