बस्ती। बीएसए मनभरनराम राजभर ने वर्षाें से कार्यालय अटैच के बहाने मलाई काट रहे शिक्षकों की संबद्धता समाप्त करने का निर्देश जारी किया। बीएसए के इस निर्देश के बाद महकमें में हड़कंप मच गया है।
जिले में बड़ी संख्या में शिक्षक अपने आपको को विभागीय कार्यालयों से संबद्ध कराकर मौज कर रहे हैं। ऐसे में जिन विद्यालयों पर उनकी मूल तैनाती है वहां शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। जबकि वेतन उन्हें उसी विद्यालय से मिल रहा है। बीएसए मनभरन राम राजभर ने ऐसे शिक्षकों को उनके मूल स्थान पर भेजने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि उन्हें इस बात की शिकायत मिल रही है कि जिले और विकास खंड स्तर पर विभिन्न कार्यालयों में कतिपय शिक्षक संबद्ध हैं। यदि किसी भी कार्यालय में कोई भी शिक्षक कार्यरत हैं तो उसकी संबद्धता तत्काल समाप्त की जाती है। संबंधित बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे शिक्षकों को तत्काल उनके मूल विद्यालय के लिए कार्यमुक्त कर दें। बीएसए ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिली तो उसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संबंधित शिक्षक का वेतन रोक दिया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने बीएसए के इस निर्णय का स्वागत किया है। कहा कि इससे विद्यालयों को शिक्षक भी मिल जाएंगे और अटैचमेंट के नाम पर मौज उड़ाने के खेल पर भी रोक लग सकेगा।