बस्ती। 25 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही सर्द बयार ने कंपकंपी बढ़ा दी है। मंगलवार को दिन में धूप निकलने के बावजूद गलन से निजात नहीं मिली। हालांकि अधिकतम तापमान में दो डिग्री का इजाफा हुआ। इस बीच दुबौलिया क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा की सोमवार की रात ठंड लगने से मौत की बात बताई जा रही है।
धूप होने की वजह से सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को दिन में लोगों ने काफी राहत महसूस की। कई दिनों से मौसम साफ न होने से लोग बाहर कम निकले थे। लेकिन बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने निकले। दफ्तरों से निकलकर लोग धूप का आनंद लेते देखे गए। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी धूप होने उम्मीद है। मगर हवाएं भी चलती रहेंगी। दुबौलिया प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के सूदीपुर के एक स्कूल में पढ़ने वाली 13 वर्षीया बेटी नीलम पुत्री चंद्रलाल पाल के सीने में मंगलवार की रात दर्द शुरू हुआ। घर के लोग उसे पीएचसी दुबौलिया (विशेषरगंज) ले गए। मगर इलाज न हो पाने की वजह से लोग उसे लेकर फैजाबाद जिला अस्पताल जाने लगे। मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।