गौर। बभनान नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात के एक परिवार में विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसके पिता की मौत से मातम छा गया।
वार्ड नंबर सात लक्ष्मीबाई निवासी प्रेम कसौधन (46) की बेटी अंकिता की शादी 13 फरवरी को होनी थी। लेकिन सोमवार की तड़के प्रेम कसौधन की मौत ने सबको गमगीन कर दिया। एक सप्ताह पूर्व साइकिल से घर आते समय प्रेम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार तड़के उनके निधन की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पिता के निधन की सूचना मिलते ही बेटी दहाड़े मारकर रोने लगी। उसके विलाप से गांव वालों के साथ ही जुटे रिश्तेदार भी गमगीन हो गए। बेटी को दुल्हन के रूप में विदा करने का पिता का अरमान भी अधूरा रह गया। इस परिवार में प्रेम कसौधन की पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं।