बस्ती। मंडल के बस्ती व सिद्धार्थनगर जिले में अब लाशों को जर्जर पोस्टमार्टम हाउस से छुटकारा मिल जाएगा। शासन ने दोनों जिलों में लिए अलग-अलग 52.99 लाख रुपये की लागत से वातानुकूलित शव विच्छेदन गृह बनाने की मंजूरी दे दी है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 21.20 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
शासन के विशेष सचिव रवींद्र सिंह के निर्देश पर वित्त नियंत्रक दयाशंकर तिवारी ने बस्ती व सिद्धार्थनगर में अलग-अलग 52.99 लाख रुपये की लागत से एयरकंडीशंड पोस्टमार्टम घर बनाने की मंजूरी का पत्र सीएमओ को भेज दिया है। पुराने पोस्टमार्टम घर को गिराकर नए भवन का निर्माण किया जाना है। इस नए शव विच्छेदन गृह में डॉक्टराें के बैठने के लिए पर्याप्त जगह व एक बड़ा हॉल बनेगा। उसमें एक साथ छह शवों के पोस्टमार्टम किए जा सकेंगे। इसी महीने से शुरू होने वाले निर्माण कार्य के लिए दोनों जिलों को अलग-अलग पहली किस्त के रूप में 21.20 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्माण खंड के अधीक्षण अभियंता राकेश त्रिपाठी ने इसी वित्तीय वर्ष के अंत तक अवमुक्त धनराशि का 75 फीसदी उपभोग कर दूसरी किस्त के लिए डिमांड भेजने का निर्देश दिया है। बस्ती में पुलिस लाइन में बने पुराने शव विच्छेदन गृह को गिराकर नए का निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्माण कार्य हर हाल में मार्च महीने में प्रारंभ कर पहली किस्त का उपभोग प्रमाण प्रमाण पत्र भी कार्यदाई संस्था को भेजने का निर्देश दिया गया है। मंडलीय अपर निदेशक डॉ. जेपी पांडेय का कहना है कि शासन की मंशा से दोनों जिलों के सीएमओ को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।