बस्ती। आवास विकास कालोनी में कराए जा रहे नाला निर्माण से जगह जगह जलजमाव को लेकर जहां कुछ लोग नाराज हैं वहीं कुछ लोगों ने नाला निर्माण को जरूरी बताते हुए इसे राजनीतिक रंग न देने का अनुरोध किया है।
आवास विकास कालोनी में इन दिनों जल निकासी के लिए नाला निर्माण कार्य नगर पालिका की ओर से कराया जा रहा है। पिछले सप्ताह भर से कालोनी के पश्चिमी हिस्से में इसके चलते जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर पीड़ित लोगों ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर विरोध भी जताया है। लोगों का आरोप है कि जल निकासी के लिए बनवाए जा रहे नाले के लिए नालियों को अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके चलते घरों से निकला पानी उनके दरवाजों और सड़क पर इकट्ठा हो रहा है। इधर, कालोनी के कुछ लोगों ने मनमोहन श्रीवास्तव काजू की अगुवाई में गुरुवार को बैठक कर लोगों से अनुरोध किया है कि कई सालों से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को नाले के निर्माण के बाद समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। ऐसे में इसे राजनीतिक रंग न देकर नाले का निर्माण होने दें, इसमें रुकावट न खड़ी करें। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जल निकासी के लिए पंप सेटों की संख्या बढ़ाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने आदि की मांग की है। बैठक में दीपू पांडेय, जितेंद्र श्रीवास्तव, हरिहर श्रीवास्तव, दिलीप गुप्ता, राकेश पांडेय, राजमण्णिलाल, मंगल श्रीवास्तव, शक्ति श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, रमाकांत शुक्ल, इष्टदेव पांडेय, राजन गुप्ता आदि मौजूद रहे।