बस्ती। जिले को दो सौ परिषदीय शिक्षक मिलने वाले हैं। इससे काफी दिनों से जिले चल रही शिक्षकों की कमी दूर करने में विभाग को आसानी होगी।
विशिष्ट बीटीसी, बीटीसी और उर्दू प्रवीणताधारी बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त और शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को जल्द ही परिषदीय स्कूलों में तैनाती मिलेगी। ये ऐसे अभ्यर्थी होंगे, जिन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, ऑन लाइन आवेदन किया है। जिले में इनकी कुल संख्या 200 बताई जा रही है। इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पूर्व काउंसिलिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा। इनकी काउंसिलिंग 21 जून को डायट में होनी है। चयन समिति के समक्ष सुबह 10 बजे से अभ्यर्थियों को कांउसिलिंग करानी होगी। काउंसिलिंग में वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने बस्ती डायट से ही प्रशिक्षण प्राप्त किया है। जबकि अन्य जनपदों के प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी 28 को चयन समिति के समक्ष उपस्थिति होंगे। चयन की कार्रवाई जनपद के लिए निर्धारित सीटों को देखते हुए की जाएगी।
बीएसए मनभरनराम राजभर ने बताया कि विशिष्ट बीटीसी, बीटीसी और उर्दू प्रवीणताधारी बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त और शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण 200 अभ्यर्थियों की नियुक्ति परिषदीय विद्यालयों में की जानी है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। 21 और 28 जून को चयन समिति के समक्ष उपस्थित होकर अभ्यर्थी अपने अभिलेखों का सत्यापन कराएंगे। इसके बाद इनकी नियुक्ति/तैनाती कर दी जाएगी।