बस्ती। रुधौली के भितेहरा गांव में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा विखंडित कर अपमानित करने और जमीन पर कब्जा करने वालाें पर कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन का डीएम कार्यालय के समक्ष धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। भाकियू पदाधिकारियाें का कहना है कि जब तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और उसी स्थान पर दोबारा प्रतिमा स्थापित नहीं होती, धरना जारी रहेगा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शोभाराम ठाकुर ने कहा कि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने को लेकर कुछ प्रभावशाली लोगों ने प्रतिमा को उखाड़कर पोखरे में फेंक दिया। स्थानीय पुलिस ने मामले में सक्रियता नहीं दिखाई, अन्यथा ऐसा नहीं हो पाता। कहा कि तत्काल प्रतिमा को उसी स्थान पर स्थापित करने व दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। जब तक ऐसा नही होता धरना जारी रहेगा। दूसरे दिन के धरने का नेतृत्व संगठन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ओर महासचिव नायब चौधरी ने किया। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, रामचंद्र सिंह, राजपति, बाबूराम, राजाराम, लालमन चौधरी, गंगा प्रसाद, हरीराम चौधरी, श्याम नरायन सिंह, वीपत, शांति, मोहम्मद शफी, तिलकराम, सुभाष पांडेय, दयाराम चौधरी, आज्ञाराम आदि उपस्थित रहे।