सल्टौआ। ग्राम पंचायत रेंगी में विकास कार्य ठप होने और मनरेगा में भ्रष्टाचार को लेकर गांव के लोगों ने मंगलवार को भानपुर तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। गांव वालों का आरोप है कि गांव में विकास के नाम पर सिर्फ खानापूरी कर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। इस कारण पात्र सरकारी योजनाओ से वंचित रह गए हैं। बिना काम किए ही प्रधान के चहेते जाब कार्ड धारकों के खाते में धन भेज दिया जाता है। गांव में साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल है। सफाई कर्मचारी गांव में कभी नहीं दिखाई पड़ता, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गांव में साफ-सफाई न होने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। अपात्रों को इंदिरा आवास दिया जा रहा है। दूसरे गांव के जाबकार्ड धारकों के खाते में धन भेजा जा रहा है। गांव में नाली खड़ंजा आदि विकास कार्य नहीं करवाया जा रहा है। इससे गांव के लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। उपजिाधिकारी भानपुर मुनींद्रनाथ उपाध्याय ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर फूलचंद चौधरी, जगन्नाथ तिवारी, सुबाष चौधरी, महेश्वरी, राकेश, जयराम, रामदयाल, जगनंदन तिवारी, पवन कुमार, उमेश चौधरी, तीजू, मोती लाल, नेबूलाल, राम अजोर, मानिकराम, संतोष कुमार, रामपल्टन, चैतू, राजू, काशीराम, श्यामलाल, हरिश्चंद आदि मौजूद रहे।