गौर। बाइक सवार तीन बदमाशों की गोली का शिकार सब्जी विक्रेता सियाराम की हालत मंगलवार को गंभीर हो गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर लखनऊ के लिए कर दिया। मंगलवार को सीओ हर्रैया सीडी गौड़ उसके गांव पहुंचे और उसके परिवार और आसपास के लोगों से घटना की वजह जानने की कोशिश की। एसओ आरपी ओझा ने बताया कि सब्जी विक्रेता के लड़के मुकेश की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें कि थाने के करमहवा गांव निवासी सियाराम (48) पुत्र जगेसर रोजाना की तरह सोमवार को भी गौर बाजार में सब्जी बेचने गया था। सोमवार देर शाम वह साइकिल से अपने गांव वापस जा रहा था। अभी वह मिरवापुर गांव के पास पहुंचा ही था कि बाइक सवार कुछ युवकों ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली सियाराम की कमर के पास लगी। घायलावस्था में आसपास के लोगों की मदद से उसे पीएचसी गौर पर ले जाया गया। हालत गंभीर होने से उसे रात में ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात में जिला अस्पताल में उसका इलाज हुआ। मगर स्थिति में सुधार न होने पर मंगलवार को उच्च मेडिकल संस्थान लखनऊ भेज दिया गया।
मंगलवार को सीओ हर्रैया सीडी गौड़ ने थानाध्यक्ष के साथ गांव और घटनास्थल पर जाकर कारण जानने की कोशिश की। सियाराम के परिवार और आस-पड़ोस के लोगों से उन्होंने पूछताछ की मगर, घटना की वजह फिलहाल पुलिस को नहीं पता चल सकी है।