गौर। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक पति ने ऐसी दरिंदगी की जिसे देख रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं। पहले तो उसने पत्नी की बर्बरता पूर्वक पिटाई की और बाद में अपनेे ही हाथों से उसके बाल मुड़ डाले। महिला के मायके वालों ने रविवार को आरोपी को पकड़ लिया। युवती को लेकर वे गौर थाने पहुंचे और आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की तहरीर दी। इस मामले में सीओ हर्रैया चंद्रधर गौड़ ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार कर देने वाली है। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़िता का पति रामसागर अपनी करनी पर पछता रहा है।
मामला शुक्रवार का है। बताया जाता है कि गौर थाना क्षेत्र के सिंहही गांव में ब्याही पैकोलिया बरुआर, थाना पैकोलिया की युवती को उसके पति रामसागर ने पहले जमकर मारा पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो उसने उसके बाल मुड़ दिए। घटना की सूचना गांव के लोगों ने विवाहिता के मायके वालों को दी। मायके वाले पहुंचते, इससे पहले ही रामसागर घायल पत्नी को लेकर गायब हो गया। जब उसे अपनी गलती का अहसास हुआ तो वह उसे उपचार के लिए लेकर इधर उधर भागता रहा। सोमवार को बस्ती से एक वाहन में पत्नी को लेकर आ रहा था कि पैकोलिया थाना क्षेत्र के पचपेड़वा चौराहे पर विवाहिता की मां अपने गांव वालों के साथ उसे पकड़ ली। गंभीर रूप से घायल बेटी को उसके पति के साथ लेकर गौर थाने पर पहुंची पीड़िता की मां मैना देवी का कहना है कि उनकी दो बेटियां हैं। बेटा कोई नहीं है। ऐसे में उनका इस बेटी का पति पूरी जायदाद अपने नाम करने की मांग कर रहा था। जबकि वह अपनी जायदाद दोनों बेटियों के नाम बराबर-बराबर बांटना चाहती थी। ऐसा न करने पर दामाद ने कई बार बेटी को मार डालने की धमकी दी थी। इसकी वह कोशिश कर चुका है।