बनकटी। लालगंज थाने के बहादुरपुर गांव में बुधवार की सुबह दो पक्षों में जमीन विवाद में मारपीट हुई। एक पक्ष की ओर से तमंचे से चली गोली दूसरे पक्ष के युवक को लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन पर मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक बहादुरपुर गांव निवासी राहुल (30) पुत्र राजू और हरीश पुत्र शिवबरन के बीच आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह 7.30 बजे के करीब हरीश अपने कुछ सहयोगियों के दम पर जमीन पर दीवाल चलवाने लगे। राहुल के परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन लोगोें ने बस्ती गए राहुल को फोन कर बुलाया। मौके पर पहुंचे राहुल ने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष से आए लोग उस पर लाठी डंडे से प्रहार किया। इससे उसका सिर फट गया। तभी किसी ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली उसके जांघ में जा लगी। खून से लथपथ होते ही बाकी लोग भाग निकले। परिवार के लोग उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज को पहुंचे। जहां पर हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। राहुल की तहरीर पर पुलिस ने राजमन और श्रवण पुत्रगण परमात्मा और कुष्मणि पुत्र बालेश्वर के विरुद्ध मारने पीटने व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।