बस्ती/छावनी/हर्रैया। शुक्रवार की देर शाम पखेरी गांव के निकट सिर पर वार कर एक व्यक्ति की हत्या के मामले का छावनी पुलिस ने पर्दाफाश का दावा किया है। इस मामले में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की माने तो हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई है।
शुक्रवार की देर शाम लावारिस हालत में छावनी थाना क्षेत्र में पखेरी गांव के पास सड़क के किनारे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला था। बाद में उसकी पहचान लजघटा निवासी भीम सिंह के रूप में हुई और परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले आए। डाक्टरों के जवाब देने पर भीम सिंह को लखनऊ ले जाया जा रहा था, मगर उसने अयोध्या के निकट दम तोड़ दिया। इस मामले में छावनी के एसओ जेपी वर्मा ने विवेचना के दौरान मामले का पर्दाफाश कर दिया। उन्हाेंने पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी शकील और इसी थाना क्षेत्र के राजा मैदान निवासी सलमान को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शकील ने पूछताछ में बताया कि मृतक भीम सिंह की पत्नी से करीब एक वर्ष से उसका संबंध था। अक्सर शकील उसकी पत्नी से मिलने उसके घर आता जाता था। कभी-कभार उसे बस्ती भी बुला लिया करता था। भीम सिंह और उसकी पत्नी से अक्सर झगड़ा हुआ करता था, जिससे पत्नी उससे खिन्न रहती थी। दीपावली के एक दिन बाद भी भीम सिंह और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। भीम सिंह ने उसे मारा भी था। इससे नाराज उसकी पत्नी ने प्रेमी शकील को फोन से बताया कि पति भीम सिंह की हत्या कर दो। नहीं तो तुमसे भी संबंध खत्म कर दूंगी। इस पर शकील अपने साथी सलमान बाइक नं यूपी 51एच/3403 से अमारी बाजार आया। फोन कर भीम सिंह को आमारी बाजार बुलाया। आमारी बाजार में ही शकील और भीम सिंह ने शराब पी। शराब पीने के बाद भीम सिंह को शकील ने अपनी बाइक के बीच में बैठाया। अपने उसके पीछे बैठा। गाड़ी को सलमान चला रहा था। पखेरी गांव के पास पहुंचने पर पेशाब करने के बहाने रुके शकील ने मोटर साइकिल के शॉकर से भीम सिंह के सिर पर तीन-चार वार किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। अभियुक्तों के साथ ही घटना मे प्रयुक्त मोटर साइकिल और शॉकर बरामद कर लिया है।