बस्ती। मंडल में खेती को लेकर सरकारी नीति में विसंगति का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। एक तरफ जहां गेहूं की बुवाई का क्षेत्रफल पांच हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल बढ़ा दिया गया, वहीं अनुदान पर मिलने वाले गेहूं बीज का कोटा इस वर्ष शासन ने पिछले साल की अपेक्षा 21 हजार क्विंटल कम दिया। इससे गेहूं बीज के लिए रोज मारामारी हो रही है। कोटा कम कर देने से हो रहे संकट का मसला एपीसी की बैठक में उठ चुका है। प्रमुख सचिव ने इसके समाधान का आश्वासन भी दिया था, पर स्थिति यथावत है।
मंडल में वर्ष 2013-14 के लिए 3.71 लाख हेक्टेअर क्षेत्रफल में गेहूं की बुवाई करने का लक्ष्य दिया गया। जबकि वर्ष 2012-13 यही लक्ष्य 3.66 लाख हेक्टेअर का था। विभाग ने तो उत्पादन कर ने का लक्ष्य तो बढ़ा दिया मगर अनुदान वाले बीज का लक्ष्य नहीं बढ़ाया, उल्टा कम कर दिया। पिछले साल विभाग ने मंडल को 69 हजार क्विंटल बीज दिया था, जो इस बार घटाकर 48 हजार पांच सौ क्विंटल कर दिया। विभाग के अधिकारी भी इस बात को लेकर परेशान हैं कि कम कोटे को कहां से पूरा किया जाए। उधर, किसान बीज के लिए सरकारी केद्रों का चक्कर लगा रहा है। मुख्यालय स्थित बीज केंद्र पर तो किसान ठंड के दिनों में भी सुबह पांच बजे से लाइन में लग जाते हैं।
प्रमुख सचिव भी नहीं दिला पाए बीज
कृषि विभाग के सेंटरों पर वर्ष 2012-13 में कुल 67898 क्विंटल अनुदान वाला गेहूं का बीज बंटा था। जेडीए अशोक कुमार कहते हैं कि उन्होंने शासन ने वर्ष 2013-14 के लिए कुल 69700 क्विंटल बीज की मांग की थी, मगर उन्हें मात्र 48500 क्विंटल बीज देने का ही लक्ष्य दिया गया। विभाग अपने प्रयास से अब तक 51227 क्विंटल बीज प्राप्त कर चुका है। बताया कि बस्ती में 14000 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 17590 क्विंटल बीज मिल चुका है। संतकबीरनर को 13800 के सापेक्ष 15259 और जनपद सिद्धार्थनगर को 19900 क्विंटल के सापेक्ष 18388 क्विंटल बीज मिला है। जो कि लक्ष्य का 106 फीसदी है। कहते हैं कि 18 नवंबर को आजमगढ़ में हुई एपीसी की बैठक में कोटा कम कर देने का मामला प्रभारी कमिश्नर/डीएम अनिल कुमार दमेले की ओर से उठाया भी जा चुका। इस पर प्रमुख सचिव ने समाधान निकालने का आश्वासन भी दिया था।
मंडल का बीज कृषि मंत्री के जिले में भेजा
एक तरफ मंडल का किसान बीज का कोटा कम होने खामियाजा भुगत रही है, तो दूसरी तरफ मंडल के नाम पर आए दो ट्रक बीज को गाेंडा जिले में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि विभाग के मंत्री के जिले के किसानों को बीज मिल सके इसके लिए बस्ती मंडल का बीज गाेंडा भेज दिया गया।