बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह रिजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले जा रही स्व. देवनारायण दुबे स्मारक राज्य स्तरीय टी ट्वेंटी क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन कानपुर की टीम ने गोरखपुर और बस्ती ने लखनऊ की टीम को करारी शिकस्त दी।
सोमवार को मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य महेंद्र नाथ यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर दूसरे दिन के खेल का शुभारंभ किया। कहा कि काफी दिन बाद बस्ती में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियागिता देखने को मिली है। ऐसी प्रतियोगिताएं की निरंतरता बनी रहनी चाहिए।
दूसरे दिन का पहला मैच कानपुर और गोरखपुर की टीमों के बीच खेला गया। कानपुर ने टास जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 110 रन बनाए। टीम की ओर से रजत ने 43 बाल में 39, अन्नू ने 33 बाल में 25 और अमन ने 22 बाल में 24 रन की पारी खेली। टीम ने सात विकेट खोकर निर्धारित 20 ओवर में 11 अतिरिक्त रनों की मदद से 110 रन बनाकर कानपुर की टीम को जीत के लिए 111 रनों का लक्ष्य दिया।
जवाब में उतरी कानपुर की टीम ने यह मैच 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर तीन विकेट खोकर जीत लिया। टीम के सहीम ने 42 रन, अमित ने 24 और हेमंत ने 13 रन बनाए। मैन आफ द मैच सहीम को घोषित किया गया।
दूसरा मैच बस्ती और लखनऊ की टीम के बीच खेला गया। टास जीतकर लखनऊ ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया, जो उस पर भारी पड़ा। बस्ती ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 171 रनों का बेहतरीन स्कोर खड़ा किया। इसमें बस्ती के कप्तान संदीप भारती ने 53 बाल में छह चौको की मदद से 50 रन, अमरेंद्र ने 20 बाल में पांच चौको की मदद से 31 रन, मनोज ने एक छक्के की मदद से 22 बाल में 29 रन की पारी खेली।
जवाब में उतरी लखनऊ की टीम सभी विकेट खोकर महज 100 रन की बना सकी। इस प्रकार बस्ती ने 71 रनों से शानदार जीत हासिल की। लखनऊ की टीम से शुभम ने सर्वाधिक 33 रन की पारी खेली। शेष कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। दूसरे मैच में मैन आफ द मैच बस्ती के संदीप भारती को घोषित किया गया।
इस मौके पर आयोजक दुर्गेश दुबे, स्पोर्ट्स अफसर सुरेश बोनकर, वीरेंद्र चौधरी, कार्तिक शुक्ल, विवेक शुक्ल, रामसनेही यादव, कमलनयन पांडेय, रवि तिवारी, विवेक त्रिपाठी, गोरख यादव, जियाउर्रहमान आदि मौजूद रहे। आयोजक दुर्गेश दूबे ने बताया कि मंगलवार का मैच वाराणसी और गाजियाबाद, कानपुर और बस्ती के बीच खेला जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन रामकेवल यादव मौजूद रहेंगे।