बस्ती। प्रतापगढ़ में जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदत्त मिश्र की हत्या के बाद से अधिवक्ता नाराज हैं। शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वकीलों का कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। घटना से दुखी वकीलोें ने किसी कोर्ट में काम नहीं किया।
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ता सरकार से हिसाब लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। महामंत्री शशि प्रकाश शुक्ल ने कहा कि प्रतापगढ़ में पिछले साल भी रामदत्त मिश्र के ऊपर जानलेवा हमला किया गया था। मगर पुलिस ने इस मामले में लीपापोती कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार मृत अधिवक्ता के परिवार वालों को 25 लाख रुपये आर्थिक सहायता के रूप में दे। इसके साथ ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करे नहीं तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि जब कानून का काम करने वाले प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों का क्या होगा। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता रामप्रसन्न मिश्र, भानुप्रताप मिश्र, राजकुमार श्रीवास्तव, शेषनाथ पाठक, प्रदीप पांडे, उपेन्द्र नाथ दुबे, विजय प्रकाश, बिमलेन्द्र मणि, रामकृपाल चौधरी, रामसागर चौधरी, मारूत शुक्ल, हनुमान सिंह, अरविन्द चौधरी, राकेश पांडे, रामरतन सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।