दुबौलिया। जमीन पैमाइश को लेकर शनिवार को डिगंरापुर गांव के लोगों ने डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर नारे लगाए। डीएम को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की। आश्वासन के बाद गांव वालों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पूर्व प्रधान बालेंद्र सिंह के नेतृत्व में काफी संख्या में पहुंचे गांव के रामकेश, साहब राम, पूर्वमासी, भानुप्रताप सिंह, बाबूलाल, तुलीस राम, प्रेमनाथ सिंह, बुधई, लालमती, फूलबास, कलावती, करिश्मा, लीलावती सहित लोगों ने आरोप लगाया कि राजस्व कर्मियों के माध्यम से घाघरा नदी के किनारे स्थित डिंगरापुर एहतमाली के पास स्थित जमीन की पैमाइश बंद कर दी गई। जबकि अब भी अधिकतर जमीन भूमाफिया के चंगुल में है। उन्हीं के दबाव में पैमाइश रोक दी गई है। अब भी पट्टेदारों को उनकी जमीन नहीं मिली है। गांव वालों ने डीएम से मांग की कि सभी काश्तकारों को बराबर हिस्सा मिलना चाहिए। जब तक भूमाफिया के कब्जे से जमीन सही काश्तकार को नहीं मिलेगी, तब तक गांव वाले पैमाइश की मांग करते रहेंगे।
सभी मांगों का ज्ञापन पूर्व प्रधान बालेन्द्र सिंह ने डीएम को साैंपा। डीएम ने तीन दिन के अंदर फोेर्स सहित जमीन की पैमाइश कराने का निर्देश एसडीएम हर्रैया लालजी मिश्र को दिया। आश्वासन के बाद गांव वालों ने धरना समाप्त किया।