बस्ती। बीएसए की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध प्राथमिक शिक्षकों ने बुधवार को बीएसए कार्यालय पर धरना देकर समस्याओं का समाधान न होने पर विद्यालयों में तालाबंदी की चेतावनी दी है। इतना ही नहीं, प्राथमिक शिक्षक बोर्ड परीक्षा का बहिष्कार भी कर सकते हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक मंडल के सदस्य शांतिभूषण त्रिपाठी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के दबाव में शिक्षकों को अकारण निलंबित और स्थानांतरित किया जा रहा है। चंद्रिका सिंह ने कहा कि बकाया धनराशि के भुगतान के लिए लिपिकों की ओर से सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। कन्वर्जन कास्ट और अनाज न मिलने पर भी मध्याह्न भोजन बनवाने के लिए शिक्षकों पर दबाव बनाया जा रहा है। शिक्षक नेता जवाहर लाल प्रजापति ने कहा कि शिक्षकों को आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इसी कारण शिक्षकों को धरना देने के लिए बाध्य होना पड़ा। बालकृष्ण ओझा, राजदेव त्रिपाठी, अशोक यादव, गणेश प्रताप सिंह सुरेश गौड़, राजेश गिरि, राजकुमार तिवारी ने कहा कि यही हाल रहा तो शिक्षक अपने अपने विद्यालयों पर तालाबंदी कर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। धरना की अध्यक्षता लालबहादुर चौधरी ने की।
इस मौके पर नीरज सिंह, अविनाश शुक्ल, अटल बिहारी, शिवमंगल, जितेंद्र चौधरी, करुणेश पांडेय, श्याम बिहारी, राजकुमार, रामरंग, सर्वदेव पांडेय, राजकुमार श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, अखिलेश चौधरी, राजीव सिंह, अजमत अली, राजेश वर्मा, अशोक कुमार वर्मा आदि शिक्षक मौजूद रहे।