गौर। बभनान स्थित लार्ड बुद्धा हायर सेकेंड्री स्कूल गोकुलपुरम परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक पर एक परीक्षार्थी ने मारने पीटने का आरोप लगाया है। परीक्षार्थी के परिवार वालों ने गौर थाने में केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
सोमवार को दूसरी पाली में इंटर भौतिक विज्ञान की परीक्षा दे रहे उमेश तिवारी नामक एक परीक्षार्थी का आरोप है कि उससे परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक ने पांच हजार रुपये की डिमांड की। न देने पर उसे मारा पीटा, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। घर वालों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे देर शाम गौर थाने पर पहुंच गए। पुलिस को तहरीर देकर केंद्र व्यवस्थापक पर मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया है। एसओ का कहना है कि वह अभी थाने पर नहीं है, पहुंचकर देखते हैं क्या मामला है। जबकि केंद्र व्यवस्थापक सुनील सिंह का कहना है कि परीक्षार्थी नकल कर रहा था, ऐसे में उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो वह बदतमीजी करने लगा। वहीं डीआईओएस राजेश आर्य ने कहा कि शिकायत मिली है। वह जांच कर कार्रवाई करेंगे।