दुबौलिया। घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से वीडी बांध के दक्षिण कई गांवों के किनारे तक पानी पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम 5 बजे तक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 25सेमी. ऊपर बना हुआ है। नदी खतरे का निशान 92.730 से 92.985 पर है।
बृहस्पतिवार को वीडी बांध पर पारा गांव के पास बने 16 छोटे स्पर पर धारा बंधे के किनारे बह रही है। वही बानेपुर गांव के पास नदी कटान कर रही है। अब भी मजदूर ईट को बोरा में डाल कर नदी में डालकर स्पर को मजबूती देने में लगे हुए हैं। ईट का प्रयोग निम्न स्तर का किया जा रहा है। लेकिन बाढ़ खंड के अधिकारी ठेकेदार की मनमानी को रोक नहीं पा रहे हैं।
घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से हर्रैया तहसील के टकटकवा, पहड़वापुर, दिलासपुरा, टेढ़वा, सुभिका बाबू, भूअरिया, देवरागंग बरार गांव के चारो तरफ से पानी से घिर गया है। इसी तरह नदी की वृद्धि जारी रहा तो लोगों को बंधे पर शरण लेनी पड़ेगी। इसके चलते गांव वाले अपने खाने के सामान के साथ ही अन्य घरेलू सामग्री को सुरक्षित जगह पर पहुंचना शुरू कर दिया है। मवेशियों के चारे का संकट खड़ा हो गया है।
नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से पहड़वापुर गांव के पास कटान रुक गया है। खाली जमीन पर पानी भर गया है। गांव के जीतू, राघवराम यादव, शैलन्द्र कु मार, दीपक, हरिराम यादव ने बताया कि पानी बढ़ने से अब कटान नहीं हो रहा है। गांव के चारों तरफ पानी होने से उसी से होकर घर जाना पड़ रहा है। डीएम ने बृहस्पतिवार को वीडी बांध पारा और बानेपुर में कटान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बांध के मरम्मत में किसी तरह लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। पारा गांव के पास स्परों को देखने के बाद बानेपुर गांव के पास कटान को देखा। उसके बाद ठोकर नं. 10 पर भी गए। जूनियर अभियंता एमपी सिंह ने बताया कि बंधे को अभी कोई खतरा नहीं है। वीडी बांध पर स्पर की मरम्मत कराई जा रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे स्परों के ऊपर पानी बह रहा है।