मुंडेरवा चीनी मिल में पूजन करते डीएम।
- फोटो : amar ujala
मुंडेरवा। नव निर्मित शुगर मिल के बॉयलर हाउस में मंगलवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद आग डाली गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे चीफ इंजीनियर विजय कुमार सिंह ने बॉयलर हाउस का पूजन किया। डीएम डॉ. राजशेखर और महाप्रबंधक ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने बॉयलर में आग स्थापित कराई।
इससे पहले पं. रमेश पांडेय ने अन्य पंडितों के साथ साढे़ 11 बजे मन्त्रोच्चारण के साथ पूजन आरम्भ कराया। बॉयलर में आग स्थापित करने के बाद नवनिर्मित शुगर मिल का शुभारम्भ हो गया। महाप्रबंधक ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि अगले सप्ताह से गन्ने की पेराई शुरू की जाएगी। कहा कि गन्ने के लिए जिला गन्ना अधिकारी और मुंडेरवा गन्ना विकास समिति के सचिव से डिमांड की गई है। इस सत्र में नवनिर्मित शुगर मिल चला कर ट्रायल किया जाएगा जिससे जो खामियां या फाल्ट हो उसे रिपेयर कर लिया जाए। आने वाले पेराई सत्र में शुगर मिल विधिवत काम करना शुरू कर देगी। कार्यदायी संस्था इसजेक के प्रबंधक सुरेश सिंह चौहान ने बताया कि बॉयलर में स्टीम बनाने के लिए प्रतिदिन 16 से 20 टन लकड़ी लगेगी। टर्बाइन की जगह पर जेनरेटर की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर पूर्व जीएम आरपी सिंह, नवीन शुक्ल, जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला, सचिव एसएन चौधरी, आशुतोष मधुकर, केन मैनेजर राकेश शाही, सन्तोष कुमार, जितेन्द्र कुमार, मनीष श्रीवास्तव, बीके सिंह, इरफान उल्लाह सिद्दीकी, सत्यप्रकाश, बीडी यादव, भुल्लन जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
डीएम ने समीक्षा बैठक की
जिला अधिकारी डॉ. राजशेखर ने मिल के निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। प्रशासनिक मुद्दों एवं समस्याओं का समाधान करने के लिए चर्चा की। पूरे परिसर को देखा। मामूली फिनिशिंग छोड़कर बाकी निर्माण कार्य पूरा पाया गया। डीएम ने फुलप्रूफ डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान भी जल्द से जल्द तैयार करने को कहा। आवासीय भवन, कार्यालय भवन, अस्पताल परिसर जो निर्माणाधीन है अगले कुछ दिनों में पूरे होने की बात कही गई। स्वतंत्र रूप से बिजली आपूर्ति की लाइन और पावर स्टेशन का काम पूरा हो गया है। अभी तक बिजली खरीद समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं। जीएम ने डीएम को बताया कि यह भी जल्द कर लिया जाएगा।