ज्ञानपुर। बिजली की दुर्व्यवस्था थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर नगर के बालीपुर मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने फिर बिजली के विरोध में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। बिजली दफ्तर के आगे जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
नासूर बनती जा रही बिजली व्यवस्था के विरोध में बृहस्पतिवार को दर्जनों नागरिकों ने एक्सईएन दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली महकमे की लापरवाहियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली का न तो आने का समय रह गया है और ना ही जाने का। जरूरी काम के समय भी बिजली का गुलगपाड़ा जारी रहता है। इससे आम आदमी को तमाम तरह की दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। चेतावनी दी कि इस समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में बालीपुर मोहल्ले के दर्जनों लोग शामिल थे।