ज्ञानपुर। 27 मई से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अल्पसंख्यक विभाग की तरफ से बनाए गए पांच परीक्षा केंद्रों पर जिले के 26 मदरसों में पंजीकृत 2974 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं तीन जून तक चलेंगी।
मदरसा शिक्षा परिषद की तरफ से मदरसों में पंजीकृत मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल कोर्स की परीक्षा कराई जाएंगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर मुंशी के 914, मौलवी के 678, आलिम के 884, कामिल के 245 और फाजिल कोर्स के 253 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विभाग के अकरम परवेज ने बताया परीक्षा के लिए घोषित केंद्र मदरसा मदीनतुल इल्म पीरखापुर में कुल 391, दारुल उलूम हबीबिया रिजविया गोपीगंज में 1115, दारुल उलूम सईदिया खमरिया में 648, दारुल उलूम निस्वां खमरिया में 264 और दारुल उलूम जामिया साबिरा मेवड़ापुर में 556 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से 11 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर बाद दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
इनसेट
प्रवेश पत्र वितरण आज
ज्ञानपुर। मदरसा शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश बोर्ड ने 27 मई से प्रारंभ हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भेज दिया है। बृहस्पतिवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में मदरसे के शिक्षकों को प्रवेश पत्र दिया गया। मदरसों में 24 मई से प्रवेश पत्र छात्रों को वितरित किया जाएगा।