गोपीगंज। कुुर्बानी का पर्व ईदुलजुहा (बकरीद) एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए रविवार को थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में शराब पीकर न आने का निर्देश दिया गया। मौजूद दोनों समुदाय वालों से मिल-जुलकर पर्व संपन्न कराने के लिए एसओ अरूण कुमार दुबे ने गुजारिश की।
ईदगाहों की साफ-सफाई,बिजली और पानी निर्बाध आपूर्ति करने का भरोसा दिलाया। कहा कि सभी लोग मिलकर गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखकर आपसी सौहार्द को मजबूत करे। पुलिस कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगी। एसओ ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन में शराब पीकर शामिल होने से विवाद का कारण पैदा हो जाता है। इसलिए शराब पीकर कदापि कोई जुलूस में न शामिल हो। यदि ऐसी हालत में कोई भी पकड़ा गया, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर चेयरमैन प्रह्लाद दास गुप्ता, हाजी हलीम, माबूद खां, गुड्डू चौधरी, सरवर खां, धर्मेंद्र द्विवेदी, अशोक चौधरी, शिवशंकर आदि रहे।